झांसी। जिले के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में स्कूटी सवार दो महिलाओं पर फायरिंग कर दी गई। फायरिंग करने वाला कोई और नहीं बल्कि एक महिला का पति है। गनीमत रही कि गोली महिला के कान के पास से छूती हुई निकल गई। जिससे वह घायल हो गई। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत थाने पहुंचकर की। महिला ने आरोपी पति का असलहा प्रदर्शन करते हुए वीडियो दिखाकर आरोप लगाया है कि पुलिस उसकी शिकायत पर कार्यवाही नहीं कर रही है।

घटना जनपद झांसी के सीपरी बाजार थानान्तर्गत राजेन्द्र नगर की है। जहां शहर कोतवाली अंतर्गत चौबे का अखाड़ा मुर्गा मंडी चौधरी बाग निवासी विनीता उर्फ सोनम पत्नी पंकज अपनी सहेली चांदनी के साथ स्कूटी पर उसके घर राजेन्द्र नगर नंदनपुरा सीपरी बाजार जा रही थी। आरोप है कि शमशान घाट के मंदिर पर 4 से 5 लोग खड़े थे। विनीता और चांदनी जैसे ही घर के पास पहुंची तभी उसका पति और एक युवक वहां पहले खडे हुए नजर आए। इससे पहले उनके इरादों को समझती उसके पति ने गाली गलौज करते हुए उस पर फायर कर दिया। जिससे गोली उसके कान के बगल से छूती हुई निकल गई। जिससे वह घायल हो गए। उसके बाद उसकी सहेली चांदनी के सीने पर भी तमंचा तान दिया।

यह देख कर बहादुरी का परिचय देते हुए चांदनी ने तमंचा छीन लिया। इस पर हमलावर वहां से भाग गए। इसके बाद पीड़िता इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत को गम्भीरता से नहीं लिया। पीड़िता ने पति का असलाहा प्रदर्शन करते हुए पुलिस को वीडियो दिखाया और न्याय की गुहार लगाई है।