झांसी। जिले की चिरगांव नगर पालिका में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। इसके पीछे आरोप है कि उसे कई महीने से वेतन नहीं मिल रहा था जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है।

जिले के चिरगांव क्षेत्र अंतर्गत तालाबपुरा निवासी लगभग 59 वर्षीय मंगल सिंह रायकवार चिरगांव नगर पालिका में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी थे। मंगल के 4 बच्चे हैं। बड़े बेटे की पत्नी ने मंगल के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया है। जिस कारण परेशान रहते थे। इधर कई महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला था। एक बेटा और एक बेटी की शादी डेढ़ वर्ष के अंतराल में की है। जिस करण उन पर कर्जा भी हो गया था। इन्हीं सब बातो को लेकर वह परेशान रहने लगे थे।

पिछले दिनों झांसी के सदर बाजार निवासी रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिजन गये थे और घर में मंगल सिंह अकेले थे। सुबह जब वह ड्यूटी नहीं पहुंचे तो विभागीय कर्मचारी उसके घर पहुंचे जहां दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने पर दरबाजा नहीं खुला तो इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई।

परिजन मौके पर पहुंचे और घर खोला तो देखा मंगल फांसी पर लटक रहे थे। आशंका है मुसीबतों से परेशान होकर उन्होंने फांसी लगाई है। पुलिस ने शव को फांसी से उतारा और कब्जे में लिया। इसके बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगल की आत्महत्या के पीछे हकीकत का पता लगाया जा रहा है।