झांसी। जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी गेट बाहर ससुराल में सात माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। ससुराल में उसके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी कि मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगा कर हंगामा करके पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

कोतवाली निवासी सुरेश के मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी प्रीति उर्फ माला (23) का विवाह छह वर्ष पहले लक्ष्मी गेट निवासी दिनेश अहिरवार से किया था। दिनेश एक फर्नीचर की दुकान में काम करता है। पिता सुरेश का कहना है कि माला को ससुराल में परेशान किया जाता था। शुक्रवार सुबह ससुराल से फोन पर माला के बीमार होने की बात बताई गई। कुछ देर बाद जब वह ससुराल पहुंचे, तब वहां बेटी की लाश मिली। ससुराल के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। पिता के मुताबिक उसके गले पर चोट के निशान दिखाई पड़ रहे थे। उन्होंने यह बात कोतवाली पुलिस को बताई।
मायके पक्ष से अन्य लोग भी वहां आ जुटे और हंगामा करने लगे। उसी दौरान कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मृतका के शरीर में चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही कि मौत से कुछ समय पहले उसके साथ झगड़ा हुआ। माला को कई बीमारी भी थीं।

मृतका के पति दिनेश अहिरवार का कहना है कि गुरुवार शाम बड़ागांव गेट बाहर भंडारा चल रहा था। वहां से खाना लेकर घर पर आया और पत्नी के साथ खाना खाया। रात को पत्नी माला की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।