मामला दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी
झांसी। थाना सदर बाजार क्षेत्र में डिवाइन सैलून पर आई युवती को रविवार दोपहर सैलून के पिछले गेट से कार सवार युवक लेकर चले गए जबकि युवती का भाई बाहर इंतजार करता रहा। इसकी जानकारी लगने पर युवती के पिता ने तुरंत पुलिस को बताया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने आसपास नाकेबंदी करके तलाश शुरू कराई। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी भी दर्ज की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उन्नाव गेट बाहर निवासी ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे उसकी बेटी फेसियल कराने अपने भाई के साथ डिवाइन सैलून गई थी। आरोप है कि सैलून कर्मचारी अमन शर्मा ने अपने भाई नमन शर्मा की मदद से सैलून के पीछे वाले गेट के सहारे दतिया निवासी प्रमोद गौतम उर्फ शेरा को अंदर बुला लिया। आरोपी उसकी बेटी को कार से जबरन अगवा कर ले गए। पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका है। आरोपी ने युवती का अपहरण करके उसके साथ दुष्कर्म और हत्या करने की धमकी दी थी।
इस मामले में सदर बाजार थाना पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके युवती की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पार्लर के सीसीटीवी फुटेज चैक किए गए तो युवती अपनी मर्जी से जाते दिखाई दे रही है। पुलिस द्वारा जांच जारी है














