झांसी स्टेशन के सामने यात्री शेड में मौत के आगोश में सो गया 

झांसी। झांसी – मुम्बई रेल मार्ग किनारे झांसी में केबिन के पास कई दिनों से सड़ते हुए कंकाल में तब्दील हो रही अज्ञात व्यक्ति की लाश को आखिरकार पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मृतक कौन और कहां से आया और कैसे मौत का शिकार हुआ प्रश्न चिन्ह बना हुआ है। इसके अलावा झांसी स्टेशन के सामने यात्री शेड में अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस ने बरामद किया है।

झांसी के प्रेमनगर थानान्तर्गत पुलिया नम्बर 9 के पास झांसी – मुम्बई रेल मार्ग पर रेलवे केबिन के पास काफी समय से बदबू के झोंके हवा के साथ महसूस हो रहे थे, किंतु किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार को कुछ लोगों ने बदबू कि कारण जानने के लिए खोजबीन की तो केबिन के पास झाड़ियों में कंकाल में तब्दील हो रही एक सड़ी गली अज्ञात व्यक्ति की लाश दिखाई दी। उसका सिर भी अलग पड़ा हुआ था। जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर वहां फेका गया है। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन उसकी शिनाख्त नही हुई।

इसके अलावा झांसी स्टेशन के सामने यात्री शेड में भी शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव देखा गया। मृतक कपड़े ओड़े था। इससे स्पष्ट है कि मृतक रात में सोते समय मौत के आगोश में खामोश हो गया। सुबह लोगों ने शव पड़ा होने की सूचना डिप्टी एस एस को दी। उन्होंने आरपीएफ व जीआरपी को इसकी जानकारी दी। इस शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया, किंतु सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।