झांसी। जिले के रक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत डगरवाह के पास हाइवे पर बने गोविंद ढाबे में खाना खाने के दौरान बीडीसी सदस्य संतोष यादव का गांव के कुछ लोगों से विवाद के साथ गाली-गलौज व मारपीट हो गई। आक्रोशित युवकों ने ढाबे के बाहर खड़ी बीडीसी सदस्य की बाइक में आग लगा दी। कुछ देर बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

दरअसल डगरवाह गांव से बीडीसी सदस्य संतोष यादव अपने दोस्त के साथ शनिवार देर रात गोविंद ढाबे पर खाना खाने गए थे। उसी दौरान गांव के लखपत यादव एवं भागवत यादव भी पहुंच गए। वह लोग भी अपने दोस्तों के साथ खा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों पक्षों के लोग शराब के नशे में थे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। गाली- गलौच होने के साथ ही मारपीट होने लगी। हंगामा होने पर ढाबे में अफरातफरी मच गई। उसी दौरान युवकों ने बीडीसी सदस्य संतोष की बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी। थोड़ी ही देर में बाइक जलने लगी। रक्सा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी अजमेर सिंह भदौरिया के मुताबिक दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

ढाबे के सामने फायरिंग पर पहुंची पुलिस

सीपरी बाजार में श्रीराम ढाबे के पास देर-रात फायरिंग होने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। यहां से अभिषेक यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ढाबे में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान अभिषेक ने अपनी रायफल से फायर झोंक दिया। फायरिंग होते ही वहां खलबली मच गई। सूचना मिलने पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने यहां से अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।