झांसी। रविवार देर-रात लूट में वांछित चल रहे बदमाशों के साथ बरुआसागर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक कुछ दिनों पहले थाना बरुआसागर के लक्ष्मणपुरा में गाड़ी की लूट हुई थी। इस वारदात में टोड़ीफतेहपुर निवासी रोहित (21) पुत्र वीरन एवं अरविंद (26) पुत्र दसई का नाम सामने आया था। पुलिस दोनों बदमाशों को तलाश रही थी।रविवार रात बरुआसागर पुलिस को इन बदमाशों के अंजनी माता मंदिर के पास होने की सूचना मिली। थानाध्यक्ष परमेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। यहां बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया। एक बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने भी गोलियां चलाईं। घुटने पर गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए।

पुलिस ने बदमाशों से दो तमंचे व कारतूस लूटी गयी पिकअप (UP93AT4606) बरामद कर लिए। पुलिस घायल बदमाशों को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची। यहां उनको भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी के मुताबिक घायल बदमाशों की हालत खतरे से बाहर है।