झांसी। झांसी में 100 करोड़ से अधिक के आईपीएल सट्टा सिंडिकेट सहित अन्य मामले में जेल में निरुद्ध आशीष उपाध्याय को प्रेम नगर पुलिस ने लूट व जान से मारने की धमकी के मामले में रिमांड पर लिया है। आज सुबह 10 बजे पुलिस टीम जेल से 6 घंटे की कस्टडी रिमांड पर लेकर थाने पहुंची और पूछताछ शुरू की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक थाना प्रेमनगर में जमीन के प्रकरण में लूट व जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस द्वारा आशीष से पूछताछ कर लूट के रुपए बरामदगी व घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए गए, किंतु कुछ सफलता नहीं मिली।
हालांकि पुलिस सट्टा के मामले में भी उससे पूछताछ की और कई स्थानों पर ले गई। पुलिस को ऑन लाइन क्रिकेट सट्टा में जुड़े मामले में आठ मोबाइल फोन, 19 बैंक खाते, पासबुक, चेक आदि बरामद किए हैं। पुलिस ने बैंक खातों का डिटेल्स चेक किया तो उसमें 45 करोड़ रुपए की नकदी पाई गई। जिसे पुलिस ने पूरी नकदी फ्रिज करा दी है। इसके अलावा ऑन लाइन सट्टे का करोड़ों का लेखाजोखा बरामद हुआ है। इसके बाद आशीष को रिमांड की अवधि समाप्त होने पर वापस जिला कारागार भेज दिया गया।
गौरतलब है कि न्यायालय विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र ने प्रेमनगर पुलिस को 26 मई को प्रात: 10 से सायं 4 बजे तक की आशीष उपाध्याय की रिमांड दी गई थी।














