झांसी। जिला के थाना लहचूरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम रूरा में एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के बदले हत्या की आशंका से विपक्षी 75 वर्षीय वृद्ध की कुल्हाड़ी से गला काट कर हत्या कर दी और सूचना देकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

पुलिस के अनुसार 28 दिसम्बर को दोपहर लहचूरा थाना क्षेत्र के रूरा गांव में बृजलाल अहिरवार (75) की हत्या कुल्हाड़ी से गला काटकर गांव के ही राकेश पुत्र आनंद सिंह ने कर दी। राकेश ने हत्या को अंजाम देने के बाद पुलिस को फोन कर जानकारी दी। इस पर अफरातफरी मच गई। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राकेश को कुल्हाड़ी के साथ मौके से गिरफ्तार कर लिया और शव को कब्ज़े में लेकर पंचायतनामा सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक -शहर (एसपी-सिटी) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 2022 में मृतक ने आरोपी के खिलाफ किसी लड़की से संबंध होने की शिकायत की थी, जिसके बाद आरोपी गिरफ्तार हुआ था। इसी कारण दोनों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी और आरोपी को यह लग रहा था कि बृजलाल उसकी हत्या करा देगा। इसी शक में राकेश ने आज खुद ही पहले बृजलाल की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी और फिर पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने अभियुक्त की निशादेही पर आलाकत्ल कुल्हाड़ी बरामद कर लिया गया है।