झांसी। जिले के रक्सा थाना क्षेत्र में राजघाट नहर किनारे पेड़ पर फंदे में अज्ञात महिला का शव लटका मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। महिला किन परिस्थितियों का शिकार हुई। उसकी मौत हत्या या आत्महत्या के बीच झूलती पहेली में उस समय नया मोड़ आ गया जब पति ने बताया कि वह मानसिक रोगी है और शुक्रवार को मौका पाकर घर से आठ किलोमीटर दूर यहां आ गई है। महिला के कपड़े भी भीगे हुए थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह नहर में गिरी है।

शनिवार को दोपहर 2.30 बजे जिले के रक्सा थानान्तर्गत ग्राम पुनावली कला में राजघाट नहर किनारे एक पेड़ से फंदे पर लगभग 50 वर्षीय महिला का शव लटका देखा गया। महिला सफेद धारीदार लाल रंग का स्वेटर और काले लाल रंग की डिजाइन वाली साड़ी, लाल रंग का ब्लाउज पहने हुए है। सूचना मिलने पर पहुंचे ट्रेनी आईपीएस, सीओ विक्रम दहिया और रक्सा पुलिस ने ग्रामीणों से मृतका की शिनाख्त कराई तो पता चला कि वह पहुंज पेट्रोल पंप के पास निवासी राजेंद्र यादव की पत्नी 52 वर्षीय सरोज है, जो मानसिक रोगी है।

पति ने बताया कि वह कई बार घर से बिना बताए जा चुकी है। पति का कहना है कि जब वह शुक्रवार शाम को लगभग 7 बजे सरोज के लिए चाय बना रहा था इसी दौरान वह घर से निकल आई और यहां आकर यह कदम उठा लिया। पुलिस ने पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।