उर्वशी कुमारी एवं सीमा तिवारी ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक पद का कार्यभार ग्रहण किया

0
87
Oplus_16908288

झांसी मंडल में महिला सशक्तिकरण एवं नेतृत्व क्षमता का सशक्त उदाहरण

झांसी। उमरे के झांसी मंडल के परिचालन विभाग की कमान अब दो महिला अधिकारियों के हाथों में। सुरक्षित, समयबद्ध एवं कुशल रेल संचालन में नारी शक्ति निभाएगी अहम भूमिका। झांसी मंडल में महिला नेतृत्व को नई मजबूती मिली है। श्रीमती उर्वशी कुमारी ने वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक/ समन्वय एवं सुश्री सीमा तिवारी ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/ सामान्य के पदों का कार्यभार ग्रहण किया। रेल संचालन जैसे चुनौतीपूर्ण विभाग में उनकी नियुक्ति महिला सशक्तिकरण एवं नेतृत्व क्षमता का सशक्त उदाहरण है।

भारतीय रेलवे में महिला नेतृत्व एवं नारी सशक्तिकरण को नई दिशा देते हुए झांसी मंडल में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल सामने आई है। उत्तर मध्य रेलवे प्रधान कार्यालय, प्रयागराज द्वारा जारी कार्यालय आदेश के तहत सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से कई वरिष्ठ अधिकारियों को जूनियर प्रशासनिक ग्रेड (JA Grade) में पदोन्नत करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में झांसी मंडल के अत्यंत महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण परिचालन विभाग (Operations Department) के दो प्रमुख पदों का दायित्व महिला अधिकारियों को सौंपा गया है।

झांसी मंडल में कार्यरत उर्वशी कुमारी (पूर्व मंडल परिचालन प्रबंधक/प्रभारी, परिचालन/झांसी) को जेए ग्रेड में पदोन्नत कर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय), झांसी [Sr. DOM/Co./JHS] नियुक्त किया गया है। उन्होंने 29 मई को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस पद पर वे मंडल के परिचालन समन्वय, ट्रेन संचालन की निगरानी एवं विभिन्न परिचालन गतिविधियों के प्रभावी प्रबंधन का दायित्व संभालेंगी।

इसी क्रम में सीमा तिवारी (पूर्व SD/JHS) को भी जेए ग्रेड में पदोन्नति प्रदान करते हुए वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य), झांसी [Sr. DOM/Genl./JHS] के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने भी कार्यभार ग्रहण कर लिया है। यह नियुक्ति झांसी मंडल के परिचालन तंत्र में महिला नेतृत्व की सशक्त उपस्थिति को रेखांकित करती है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेलवे का परिचालन विभाग रेल व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उत्तरदायित्वपूर्ण अंग है, जहां 24×7 सतर्कता, ट्रेन परिचालन, समयपालन, मालगाड़ी प्रबंधन तथा संरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करना प्रमुख दायित्व होता है। ऐसे विभाग में महिला अधिकारियों की नेतृत्वकारी भूमिका भारतीय रेलवे में बदलते कार्य-संस्कृति एवं समान अवसरों की भावना को सुदृढ़ करती है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने विश्वास व्यक्त किया है कि महिला अधिकारियों के नेतृत्व, कार्यकुशलता एवं दूरदर्शिता से झांसी मंडल का परिचालन तंत्र और अधिक सुदृढ़ होगा तथा सुरक्षित, समयबद्ध एवं कुशल रेल संचालन को नई गति मिलेगी। यह पहल महिला सशक्तिकरण एवं नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का एक प्रेरणादायी उदाहरण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here