झांसी। थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत कृषि उत्पादन मंडी सचिव के आवास पर तैनात पीआरडी जवान के साथ मारपीट कर लूटपाट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दहशत फैलाने वाले चार दबंगों को जब नवाबाद पुलिस ने दबोचा तो हैंकड़ी निकल गई। दबंगों ने कान पकड़ कर माफी मांगते हुए कहा कि खाकी का करेंगे सम्मान। नवाबाद थाना पुलिस ने दबंगों के कब्जे से लूट के हजारों रुपए बरामद कर लिए।
मोंठ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमरा निवासी पीआरडी जवान दयाशंकर वर्मा ने थाना नवाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि वह कृषि उत्पादन मंडी सचिव के आवास पर तैनात है। 29 मई की देर शाम चार युवकों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी जेब में रखे 17 हजार रुपए लूट लिए और उसकी वर्दी फाड़ दी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए विवेचना कर सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पीआरडी जवान के साथ मारपीट करने वाले आरोपी सागर गेट पानी की टंकी के पास निवासी मोहित अमरिया, अमित वर्मा ओर तालपुरा निवासी प्रशांत वर्मा उर्फ गोलू तथा ऋषभ वर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के 17 हजार रुपए बरामद कर लिए।
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था जिसमें कुछ युवक एक खाकी वर्दी पहने व्यक्ति को घेरकर उसकी मारपीट कर रहे थे ओर वीडियो वायरल कर दहशत का माहौल बना रहे थे। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद अब चारों कान पकड़ कर माफी मांगते हुए बोल रहे गलती हो गई अब खाकी का सम्मान करेंगे। फिलहाल पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है।














