झांसी। जिले के बबीना थाना क्षेत्र में पहाड़ी पर ब्लास्टिंग के दौरान लापरवाही से हुए विस्फोट की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। यह देख मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी कर आक्रोशित लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लिया।

जिले के बबीना थानान्तर्गत ग्राम मोटा निवासी करीब 26 वर्षीय कमल प्रजापति अपने पिता दिनेश प्रजापति के साथ खेती किसानी करता है। खेती-बाड़ी कम होने की वजह से वह पास में स्थित स्टोन क्रेशर पर मजदूरी करता है। हमेशा की तरह विगत शाम वह क्रेशर पर ब्लास्टिंग का काम कर रहा था। ब्लास्टिंग के लिए डाला गया सेल जब काफी समय तक ब्लास्ट नहीं हुआ। इसका कारण जानने के लिए उसने देखा तभी अचानक धमाका के साथ ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने से बड़े-बड़े पत्थर इसके ऊपर आकर गिर गए और इसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

इस घटना क्रम से क्रशर पर पर अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीण और स्थानीय पुलिस पहुंची और इसका शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना क्रम से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि कमल प्रजापति दो भाई हैं जिसमें वह बड़ा था। कमल प्रजापति अपने पीछे अपनी पत्नी नीलम तीन लड़की और एक लड़का को छोड़ गया है। बड़ी बात यह है कि सुबह इसकी दादी लच्छौ खत्म हुई। दादी की अंतिम संस्कार शाम 3 बजे हुआ था। दादी के अंतिम संस्कार के बाद शाम को खाना खाकर घर से काम के लिए गया था।