झांसी संवाद सूत्र। झांसी मंडल के मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन पर जान जोखिम में डालकर चलती उदयपुर इंटरसिटी में चढ़ने की कोशिश के दौरान महिला गिर गई। हादसे में महिला के दोनों पैर टूट गए। गंभीर हालत में महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के जिला छतरपुर के थाना लुगासी के ग्राम झीगर निवासी अभिलाषा (32 वर्ष) पत्नी मोहन अपने भाई और 10 वर्षीय बेटे के साथ झांसी जाने के लिए रविवार को दोपहर महोबा रेलवे स्टेशन से खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार हुई थी जबकि उसके पास रिजर्वेशन टिकट नहीं था। सफर के दौरान वह सभी स्लीपर कोच में बैठ गए थे। ट्रेन जब मऊरानीपुर के समीप थी, तभी कोच में टिकट चेकिंग स्टाफ पहुंचा। रिजर्वेशन टिकट न होने के कारण टीटीई ने उन्हें स्लीपर कोच से उतरकर जनरल कोच में जाने को कहा।
दोपहर में जैसे ही इंटरसिटी एक्सप्रेस मऊरानीपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रुकी, महिला अपने भाई व बेटे के साथ सामान लेकर स्लीपर कोच से नीचे उतरी और जनरल डिब्बे की तरफ दौड़ते पहुंची और वह जनरल कोच में चढ़ने का प्रयास कर ही रहे थे कि ट्रेन ने गति पकड़ ली। इसके कारण चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में महिला का पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच बने गहरे गैप में फंस गई।
यह देख कर प्लेटफार्म पर लोगों की चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के दोनों पैर लहूलुहान होकर टूट चुके थे और खून निकल रहा था। रक्त रंजित हालत में महिला को प्लेटफॉर्म से बाहर निकाला गया और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। महिला को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां अत्यधिक खून बह जाने और स्थिति अत्यंत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उसे तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उसे भर्ती कराया गया। इस हादसे के चलते इंटरसिटी एक्सप्रेस मऊरानीपुर स्टेशन पर लगभग 15 मिनट की देरी से रवाना हो सकी।














