झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ब्रिजेन्द्र कुमार द्वारा झाँसी मंडल के विभिन्न वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों एवं यात्री सुविधा केंद्रों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करना तथा उन्हें और अधिक सुदृढ़ एवं सुविधाजनक बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए गए दतिया रेलवे स्टेशन का व्यापक अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, माल गोदाम तथा अन्य वाणिज्यिक इकाइयों एवं गतिविधियों का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। माल गोदाम दतिया में बेहतर रिकॉर्ड अनुरक्षण हेतु माल पर्यवेक्षक को नकद पुरस्कार प्रदान किये जाने की घोसना की, उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता, यात्री सुविधा, सुगम आवागमन तथा सेवा गुणवत्ता के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए निरंतर सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के क्रम में प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन के निकट स्थित टीटीई रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल टिकट पर्यवेक्षकों (TTE) को बेहतर विश्राम एवं कार्य दक्षता सुनिश्चित करने के लिए रनिंग रूम में वातानुकूलन सुविधाओं को और सुदृढ़ किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण विश्राम सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी कार्यक्षमता एवं सेवा गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसके उपरांत श्री ब्रिजेन्द्र कुमार ने झाँसी स्टेशन के समीप स्थित आरएमएस (RMS) भवन के पीछे प्रस्तावित यात्री शेल्टर का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि झाँसी मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्री शेड (होल्डिंग एरिया) विकसित किए जा रहे हैं। इन होल्डिंग क्षेत्रों का निर्माण विशेष रूप से उन परिस्थितियों के लिए किया जा रहा है, जब किसी कारणवश स्टेशन परिसर में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है और भीड़ प्रबंधन की आवश्यकता उत्पन्न होती है।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना एवं स्टेशन पुनर्विकास योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर व्यापक निर्माण एवं विकास कार्य प्रगति पर हैं। ऐसे समय में यात्रियों को होने वाली संभावित असुविधाओं को न्यूनतम करने तथा भीड़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सार्वजनिक यात्री शेड (होल्डिंग एरिया) विकसित किए जा रहे हैं। ये होल्डिंग एरिया भविष्य में यात्रियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक प्रतीक्षा स्थलों के रूप में कार्य करेंगे।
सम्पूर्ण निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) अमन वर्मा एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) नीरज भटनागर उपस्थित रहे तथा विभिन्न वाणिज्यिक गतिविधियों एवं विकास कार्यों की प्रगति से प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक को अवगत कराया।














