झांसी। एएनटीएफ थाना झांसी व बबीना पुलिस ने 35 लाख कीमत का गांजा सहित दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ के तस्करों को कार सहित दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 70 किलो अवैध गांजा बरामद किया है जो उड़ीसा से लाया गया था।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ थाना व बबीना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बबीना थाना क्षेत्र में विधान ट्रेडिंग कंपनी के पास से कार क्रमांक यूपी 80 जी एच 0577 को रोक कर उसमें सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो उसके अंदर अलग अलग बोरियो में गांजा रखा हुआ था। जिसका वजन 70 किग्रा था । गांजा की बाजारू कीमत 35 लाख रुपए बताई गई। पूछताछ में पकड़े गए दोनों कार सवारों ने अपने नाम हाथरस के सासनी निवासी शिवकुमार, आगरा के मालपुरा निवासी वेताली बताया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह गांजा वह उड़ीसा से खरीद कर आगरा, हाथरस, मथुरा, ओर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सप्लाई करते है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।














