ललितपुर (संवाद सूत्र)। झांसी – बीना रेल लाइन पर जखौरा के निकट रविवार को में रेल पटरी पर बेमेल प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। दोनों अपने अपने घर से रात से गायब थे। रविवार सुबह पटरी पर मिले उनके क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फ़ैली है।

रविवार सुबह लगभग 10.30 बजे झांसी -बीना रेल लाइन पर रेलवे स्टेशन जखौरा के निकट के लड़का-लड़की के शव क्षत-विक्षत शव पड़े होने की सूचना गैंगमैन ने स्टेशन अधीक्षक को दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। लड़के की शिनाख्त ग्राम मुहारा के मजरा चैनवारा निवासी कमलेश कुशवाहा (26) और लड़की की शिनाख्त ग्राम मुहारा निवासी दुर्गेश (15) के रूप में हुई। ग्रामीणों की मानें तो दोनों में एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन लड़के के घरवालों ने उसकी शादी कर दी थी। लड़के के दो बच्चे भी है। इसके बावजूद दोनों की प्रेम कहानी चलती रही।

मृतक कमलेश बी फार्मा करने के बाद 6 महीने से जिला अस्पताल में काम कर रहा था। उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। पुत्र तीन महीने का है। वह दो भाई तीन बहन में दूसरे नम्बर का था, उसके पिता ग्राम मुहारा में प्राइवेट चिकित्सक है। शनिवार को कमलेश गांव में एक शादी में गया हुआ था, उसके बाद वह घर लौटकर नहीं आया था। तभी से वह लापता था।

मृतका दुर्गेश के पिता ने बताया कि उसकी पुत्री कक्षा 9 में पढ़ती थी और वह 15 साल की है। रात को कमलेश उसकी बेटी को लिवा ले गया था, जिसकी सूचना उसने लड़के के पिता को दी और उसके बाद दोनों ने उन्हें खोजा, लेकिन उनका पता नहीं चला था। सुबह रेल पटरी पर शव मिलने की सूचना मिली है। लड़का पास के गांव का रहने वाला है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।