झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कलसी का बगीचा में फल विक्रेता ने आत्महत्या कर ली। युवक पत्नी के दूसरी शादी करने से दुखी था। दो दिन पहले उसने अपने घर में आग भी लगा दी थी। रविवार को उसका शव घर में फंदे पर लटका मिला।
सीपरी बाजार के कलसी का बगीचा निवासी फल विक्रेता संतोष अहिरवार (35) की 12 साल पहले शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। इसके बावजूद उसकी पत्नी के एक युवक से प्रेम संबंध हो और करीब दो साल पहले पत्नी संतोष को छोड़कर अपने प्रेमी के पास चली गई थी और उसी से शादी कर ली थी। साथ में बेटी और बेटे को भी ले गई थी। जबकि, एक बेटा संतोष के साथ रह रहा था। संतोष के साथ उसकी मां कलावती भी रहती थी।

पत्नी की धोखेबाजी का संतोष को गहरा सदमा लगा और अत्यधिक नशा करने लगा था। नशे में मारपीट व हरकतों से परेशान होकर उसकी मां घर की जगह एक मंदिर में सोया करती थी। नशे की हालत में संतोष ने दो दिन पहले अपने घर में भी आग लगा दी थी।

शनिवार की रात को मां मंदिर में सोने के लिए चली गई थी। जबकि, संतोष घर पर अकेला सो रहा था। रविवार की सुबह जब मां घर पहुंची तो संतोष साड़ी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इस घटना क्रम से मां पर दुःख का पहाड़ टूट गया है क्योंकि मृतक संतोष उसका इकलौता बेटा था।