RTGS/NEFT एवं PPS फार्म बदलकर 40 लाख रुपये का बैंक फ्राड
अंतर्राज्यीय अपराधी गिरफ्तार, सोने के जेवरात, लैपटॉप और नकदी बरामद
धोखाधड़ी के 37 लाख रुपये की शेष धनराशि बैंक खातों में फ्रीज कराई गई
झांसी। एस एस पी के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबाद पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर चालीस लाख रुपए की बैंक फ्राड का भंडाफोड़ कर हजारों की नकदी और सोना चांदी के जेवरात सहित लैपटॉप, मोबाइल फोन, चेकबुक आदि बरामद कर लिए है। धोखाधड़ी से प्राप्त लगभग 37 लाख रुपये की शेष धनराशि बैंक खातों में फ्रीज कराई गई। आरोपी ने हड़पे लाख रुपयों में से झांसी में ही मालाबार और कल्याण ज्वेलर्स से आभूषण खरीदे जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान आईपीएस अरीबा नोमान ने बताया कि सीपरी बाजार के ध्यानचंद कॉलोनी निवासी अजय कुमार ने 4 जून 26 को नवाबाद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसने बीकेडी चौराहा स्थित सेंट्रल बैंक में अपने गार्ड के माध्यम से बैंक में प्रेषित किये गये 40,00,000/- रुपये के चेक, RTGS/NEFT फार्म एवं PPS फार्म को अज्ञात अभियुक्त द्वारा बदलकर दूसरे खाताधारक के नाम से तैयार कर, फार्म में वादी के फर्जी हस्ताक्षर करके बैंक कर्मियों के माध्यम से सम्पूर्ण धनराशि को दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए । इस संबंध में अभियुक्तगण 1. सम्बन्धित बैंक कर्मी नाम-पता अज्ञात एवं 2. पंजाब एण्ड सिन्ध बैंक शाखा न्यू पुलिस बाजार, वर्धमान (पश्चिम बंगाल) के खाता संख्या 10411000006003 के खाताधारक सुकुमण्डी नामक व्यक्ति के विरुद्ध थाना नवाबाद पर धारा 318 (4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने विवेचना के दौरान पाया गया कि उक्त धनराशि पश्चिम बंगाल स्थित पंजाब सिंध बैंक के खाते में ट्रांसफर की गई है। जब पुलिस ने गहनता से पड़ताल की तो वह खाता पश्चिम बंगाल के हुगली दुनियाखाली निवासी समीर सामंथ का निकला। पुलिस इसकी तलाश कर रही थी कि शनिवार को सूचना मिली कि उक्त आरोपी झांसी रेलवे स्टेशन से कहीं भागने की फ़िराक़ में है। नवाबाद थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी समीर सामन्थ पुत्र स्व० बाटाकृष्णा सामन्थ, उम्र करीब 49 वर्ष, निवासी कुमरूल, थाना धोनियाखाली, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल को इलाइट चौराहे से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
शातिर हू-ब-हू हस्ताक्षर बना कर करता रहा फ्राड
जालसाज समीर सामन्थ से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह विभिन्न शहरों के बैंकों में जाकर बैंक कर्मियों की डेस्क पर रखे ग्राहकों के चेक एवं उनके साथ संलग्न RTGS/NEFT फार्मों को चुपके से बदल देता था तथा अपने द्वारा संचालित सुकुमण्डी नामक खातों के फार्म लगाकर ग्राहकों के हू-ब-हू फर्जी हस्ताक्षर कर धनराशि अपने खातों में ट्रांसफर करा लेता था। अभियुक्त ने बताया कि उसके पास सुकु मण्डी नाम से विभिन्न बैंकों में लगभग 08 बैंक खाते हैं, जिन्हें उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुलवाया है तथा उन्हीं खातों से UPI एवं बैंकिंग लेनदेन संचालित करता है।
उसने स्वीकार किया कि 02 जून 26 को उसने झाँसी स्थित बैंक शाखा से अजय कुमार सिंह के RTGS एवं PPS फार्म को बदलकर 40 लाख रुपये पंजाब एण्ड सिन्ध बैंक में संचालित अपने खाते संख्या 10411000006003 में ट्रांसफर करा लिये थे। इसके बाद उसने उक्त धनराशि को फोन बैंकिंग एवं UPI के माध्यम से अपने अन्य खातों में स्थानांतरित कर दिया। इसी धनराशि से उसने 02 जून को मालाबार ज्वैलर्स, झाँसी तथा 03 जून को कल्याण ज्वैलर्स, झाँसी से आभूषण खरीदे थे, जो पुलिस द्वारा बरामद कर लिये गये हैं। बरामद नगदी भी उक्त खाते से एटीएम के माध्यम से निकाली गई थी, जिसमें से कुछ धनराशि उसने अपने व्यक्तिगत खर्चों, आवास, भोजन एवं अन्य कार्यों में व्यय कर दी थी।
गहन पूछताछ में अभियुक्त ने यह भी बताया कि वह विभिन्न शहरों में जाकर बैंकों से ग्राहकों द्वारा भरे गये चेक एवं RTGS फार्मों को बैंक कर्मियों की नजर बचाकर उठा लेता था तथा अपने द्वारा संचालित खातों के नाम से फर्जी RTGS फार्म भरकर ग्राहकों के हस्ताक्षर की नकल करते हुए बैंक में जमा कर देता था। धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि से ही वह अपना एवं अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
अभियुक्त द्वारा बताया कि वह 31 मई 26 को झाँसी आया था तथा कई बैंकों की रेकी करने के बाद अवसर मिलने पर ग्वालियर रोड स्थित बैंक शाखा से ग्राहकों के भरे हुए चेक एवं RTGS फार्म उठा लिये थे। इनमें अजय कुमार सिंह एवं महेन्द्र कुमार गुप्ता के दस्तावेज भी शामिल थे। इनके आधार पर उसने फर्जी हस्ताक्षर कर अपने खातों में धनराशि स्थानांतरित कराने का प्रयास किया। झाँसी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नए लक्ष्य की तलाश के बाद वह वापस अपने घर जाने हेतु रेलवे स्टेशन जा रहा था, तभी पुलिस टीम द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
ढेरों चैक, डेबिट, पैन कार्ड भी बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 94100 रुपए की नकदी, पांच डेबिट कार्ड, बैंक की ढेर सारी चेक, पेनकार्ड, मोबाइल दो कीपैड, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 03 अंगूठी पीली धातु व 01 अदद लाकेट पीली धातु (कीमत 1,68,400/- रूपये) बरामद कर लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अजय कुमार का पैसा खाते में ट्रांसफर कराकर उक्त आभूषण मालाबार ज्वैलर्स और कल्याण ज्वेलर्स से आभूषण खरीदे जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।














