जालौन । झांसी मंडल के जालौन जिले में एक ही थाने में तैनात महिला सिपाही के साथ सिपाही ने धमकी देकर लगातार दुष्कर्म कर शर्मसार किया। पीड़िता भय से सब सहती रही और जब आरोपी पुलिसकर्मी का तबादला हो गया तब उसने हिम्मत करके दुष्कर्मी सिपाही के खिलाफ शिकायत की तो सभी आश्चर्यचकित रह गए। पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिसकर्मी को जेल भेज दिया गया है।

पीड़ित महिला सिपाही और आरोपी पुलिसकर्मी तीन साल तक एक ही थाने में तैनात थे। बाद में आरोपी का तबादला पुलिस लाइन में कर दिया गया था। जिसके बाद ही महिला सिपाही के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई थी। उच्चधिकारियों के पास मामला पहुंचा तो पुलिस कर्मी के खिलाफ मुकदमा लिखा गया। इस प्रकरण से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। एसपी डॉ. ईरज राजा ने जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बना दी है। इसकी रिपोर्ट के बाद ही सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

महिला सिपाही ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। वर्तमान में आरोपी पुलिस लाइन में तैनात है। बीते दिनों उसकी तैनाती उसी थाने में थी, जहां महिला सिपाही कार्यरत है। पुलिस ने मामला पंजीकृत करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया. रविवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों 2018 बैच के हैं और साथ में ही तैनाती मिली है।

आरोपी पुलिसकर्मी के तबादले के बाद महिला सिपाही ने की शिकायत

महिला सिपाही का आरोप है कि सिपाही कर्मवीर ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और जब भी इस घटना की शिकायत करने का प्रयास किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। आरोपी सिपाही कर्मवीर के स्थानांतरण होने पर घटना की शिकायत पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से की जिसके बाद शिकायत पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस महकमे में सिपाही के साथ ही दुष्कर्म की घटना से हड़कंप मचा हुआ है। सवाल भी उठ रहे हैं कि जब महिला पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो पुलिस दूसरों की सुरक्षा कैसे करेगी। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में लगी है। मामला जालौन के नदीगांव थाने का है।