झांसी। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मोड़कला में  विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दरअसल कानपुर के साड़ रोड स्थित गांव अहमनपुर के अमर सिंह यादव ने अपनी बेटी पूजा (25) की शादी लगभग चार वर्ष पहले चिरगांव के मोड़कला निवासी पंकज यादव से की थी। पूजा के भाई दीपक यादव ने बताया कि शादी के बाद से ही पति व अन्य ससुरालीजन उसकी बहन का दहेज की खातिर उत्पीड़न कर रहे थे। पति आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। बीती रात मोड़कला गांव में रहने वाली बुआ गायत्री ने फोन कर पूजा की मौत की जानकारी उन्हें दी।

इस पर वह अन्य परिजनों के साथ बहन की ससुराल मोड़कला पहुंच गया। ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। जबकि, भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसके साथ मारपीट कर उसके शव को फंदे पर लटका दिया गया है। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव जमीन पर रखा हुआ था।

मायके पक्ष ने इसकी शिकायत मोंठ थाने में भी की। मोंठ थाने में मायके पक्ष की शिकायत पर पति पंकज यादव, ससुर, सास व दो ननदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पंकज व अन्य दो आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। मृतका पांच भाई व दो बहनों में छोटी थी। उसके अभी बच्चा नहीं हुआ था। महिला की मौत के बाद से उसके परिजनों का बुरा हाल बना हुआ है।