रेल मंत्री ने नई रीवा-चर्लपल्ली एक्सप्रेस को मंजूरी दी
छतरपुर मप्र संवाद सूत्र। मप्र के खजुराहो संसदीय क्षेत्र के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक नई ट्रेन संख्या 20158/20157 रीवा-चर्लपल्ली एक्सप्रेस के संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह ट्रेन रीवा से चलकर कटनी मुड़वारा होते हुए हैदराबाद तक जाएगी। इससे दक्षिण भारत के प्रमुख शहर हैदराबाद से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा की मांग पर यह निर्णय लिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को हैदराबाद की यात्रा में सुविधा होगी। सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। इस नई कनेक्टिविटी से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटकों को अब यात्रा में आसानी होगी
पर्यटन क्षेत्र में भी इस नई ट्रेन से आशाएं बढ़ी हैं। खजुराहो के प्राचीन मंदिरों और धरोहरों पर आने वाले पर्यटकों को अब यात्रा में आसानी होगी। इससे स्थानीय होटल, गाइड और पारंपरिक उद्योगों को आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है।
रेल मंत्रालय ने ट्रेन के समय, स्टेशनों और टिकट संबंधी विस्तृत जानकारी शीघ्र जारी करने का आश्वासन दिया है। आधिकारिक शेड्यूल जारी होने के बाद नई जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।














