झांसी। थाना प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत बिजौली के डगरिया गांव में बंद पड़े क्रशर की खाई में भरे पानी में डूब कर 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। सोमवार देर-रात बालक का शव उतराता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आशंका जताई जा रही कि खेलते समय पांव फिसलने से वह उसमें जा गिरा।
सोमवार शाम करीब सात बजे बिजौली के डगरिया निवासी मुकेश का छोटा बेटा लगभग 8 वर्षीय कार्तिक अपने दोस्तों के साथ खेलने की बात कहते हुए बाहर निकला था। काफी देर तक वह वापस नहीं आया। दोस्तों से पूछने पर भी कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब बारह बजे घर से करीब दो सौ मीटर दूर पानी से भरी बंद हो चुकी क्रशर की खाई में उसका शव उतराता मिला।
सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस भी जा पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसका शव पानी से बाहर निकाला। बच्चे का शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आशंका जताई जा रही कि खेलते समय पांव फिसलने से वह उसमें जा गिरा।














