झांसी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, किंतु इससे इतर दुल्हन बनने से पांच दिन पहले ही उसने विषाक्त खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना क्रम से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मध्य प्रदेश में दतिया जिले के बसई थानान्तर्गत वर्धवाना गांव निवासी लगभग 19 वर्षीय आरती तीन बहनें हैं। चचेरे भाई महेन्द्र ने बताया कि आरती की दो बहनों की शादी हो गई है। उसके माता-पिता का काफी समय पहले निधन हो गया था। वह अपनी दादी के पास रहती थी। उसकी 20 अप्रैल को शादी थी। घर में शादी की तैयारी चल रही थी, कार्ड भी बट रहे थे।

इस दौरान विगत दिवस जब घर में कोई नहीं था तभी आरती ने विषाक्त खा लिया। इसकी जानकारी होते ही विवाह की खुशियां काफूर हो गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आरती ने किन परिस्थितियों के चलते विषाक्त खाया स्पष्ट नहीं हो पाया है। छानबीन करने पर उसके पास से टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला। इससे चर्चा है कि आरती विवाह से खुश नहीं थी।