“कचरा समस्या नहीं, गलत प्रबंधन समस्या है”

0
129

रेलवे वैगन कारखाना “जीरो वेस्ट भारत” कचरा प्रबंधन सेमिनार

झांसी। भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत भारतीय रेल के लिए सर्वाधिक वैगन का उत्पादन करने वाले, वैगन कारखाना, झांसी में 11 जून 2026 को “जीरो वेस्ट भारत” कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छ कार्यस्थल जन-जागरूकता कार्यशाला का आयोजन मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तवा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। सेमिनार में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महिला कर्मचारियों की विशेष सहभागिता रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे परिसर में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में जिला जनकल्याण महासमिति, झांसी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं आई.ई.सी. एक्सपर्ट डॉ. जितेन्द्र कुमार तिवारी ने जीरो वेस्ट अभियान, कचरा पृथक्करण एवं प्रबंधन, स्वच्छ कार्यस्थल संस्कृति, पर्यावरण एवं जल संरक्षण तथा स्वच्छ भारत मिशन जन-जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि — “कचरा समस्या नहीं है, बल्कि उसका गलत प्रबंधन सबसे बड़ी समस्या है।”

उन्होंने कहा कि “स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार नागरिकता, स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा राष्ट्रीय दायित्व है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यालय एवं कार्यस्थल पर कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता की आदत विकसित कर ले, तो ‘जीरो वेस्ट भारत’ का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ स्वच्छ भारत मिशन आज एक जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है तथा भारतीय रेल जैसे बड़े संस्थानों की सक्रिय सहभागिता इस अभियान को और अधिक प्रभावी एवं प्रेरणादायी बनाती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कचरा प्रबंधन के व्यवहारिक उपायों, स्वच्छ कार्यस्थल की आवश्यकता तथा जिम्मेदार नागरिकता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। महिला कर्मचारियों को स्वच्छता जागरूकता के प्रतीक स्वरूप डस्टबिन भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तवा ने कहा कि रेलवे परिसर में स्वच्छता एवं व्यवस्थित कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने हेतु ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ कार्यस्थल न केवल बेहतर कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देता है, बल्कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सकारात्मक वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम का आयोजन जिला जनकल्याण महासमिति, झांसी एवं जे.के.टी. नेचर केयर, झांसी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। आयोजकों ने कहा कि — “कम कचरा – स्वच्छ भारत – सुरक्षित भविष्य” की अवधारणा को जन-जन तक पहुँचाने हेतु समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।

अंत में प्रतिभागियों ने स्वच्छ भारत मिशन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्वच्छ एवं जागरूक समाज निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन सीनियर सेक्शन इंजीनियर नरेंद्र कुमार जैन ने किया। इस अवसर पर विपिन पटेल, सतेंद्र कुमार तिवारी, राम नारायण उपाध्याय, रेलवे के अधिकारी डिप्टी सी एम् ई रिपेयर अमित कुमार तिवारी, डिप्टी सी एम् ई एम एण्ड पी कौशल किशोर और डिप्टी सी एम् ई इंस्पेक्शन लोकेश कैलाश मीना सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here