“जाको राखे साइयां मार सके न कोई.… “
ललितपुर संवाद सूत्र। “जाको राखे साइयां मार सके न कोई.… ” कहावत ललितपुर स्टेशन पर उस समय साकार हो गई जब ट्रेन के गेट पर बैठ कर यात्रा कर रहा एक यात्री अचानक प्लेटफार्म के नीचे गिर गया। लोगों ने समझा कि उसके चीथड़े उड़ गए क्योंकि गिरने के बाद ट्रेन की करीब 13 बोगियां उसके ऊपर से गुजर गईं। जब लोगों ने देखा तो आश्चर्य चकित रह गए। यात्री घायल तो हुआ, लेकिन उसकी जान बच गई तो लोग आश्चर्य चकित रह गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है।
दरअसल, ललितपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर गाड़ी संख्या 11077 झेलम एक्सप्रेस आई। यहां से ट्रेन झांसी की ओर रवाना हो रही थी। इस गाड़ी के स्लीपर कोच एस 6 में अधिक भीड़ होने के कारण मध्य प्रदेश के जनपद शिवपुरी के खनियाधाना के ग्राम भगवातपुरा निवासी 40 वर्षीय दातार सिंह यादव कोच के गेट पर बैठ कर यात्रा कर रहा था। बोगी में ज्यादा भीड़ के कारण दातार सिंह यादव अचानक ट्रेन से गिरकर प्लेटफार्म से सीधे ट्रेन के नीचे आ गया। यह देख कर लोगों की चीखें निकल गई, किंतु सभी असहाय थे। देखते ही देखते ट्रेन की करीब 13 बोगी उसके ऊपर से गुजर गई।
इसके बाद जब लोगों ने देखा तो हतप्रभ रह गए। यात्री पटरी व प्लेटफार्म के बीच गेप में घायल पड़ा था। उसे उठा कर आरपीएफ ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।घायल दातार ने बताया कि वह भोपाल से लौट रहा था ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण गेट पर बैठा था कि गिर गया। भगवान की कृपा से उसकी जान बच गई।














