Oplus_131072

दतिया मप्र (संवाद सूत्र)। मप्र के जिला दतिया के भांडेर के चिरगांव रोड पर आटा चक्की दुकानदार ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर डंडा व लोहे के बांट मार कर हत्या कर दी। युवक का दुकानदार से गेहूं पिसवाने के पैसों को लेकर विवाद हो गया। युवक 8 महीने पहले ही मर्डर के आरोप में जेल से रिहा हुआ था।

दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से आलाकत्ल समेत मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दोनों भाई फरार हो गए।

मप्र के भांडेर के घुसियाना मोहल्ला निवासी भगवान सिंह (40) पुत्र रामसहाय यादव शुक्रवार सुबह आठ बजे चिरगांव रोड स्थित झांसी चुंगी पर आशीष रजक की आटा चक्की में गेहूं पिसवाने गया था। चक्की मालिक आशीष से पिसवाई के पैसों को लेकर उसका विवाद हो गया। दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी। विवाद सुनकर आशीष के भाई अरविंद और अशोक भी आ गए। तीनों मिलकर भगवान सिंह को बुरी तरह लाठियों से पीटने लगे। भगवान सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इतना ही नहीं गुस्से में आरोपियों ने वहां तौल कांटे पर रखा 20 किलो का बांट उसके सिर पर पटक दिया। इससे उसका सिर फट गया। चारों ओर खून फैल गया। इसके बाद तीनों आरोपी भाग निकले।

यह देखकर आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसके दोनों भाई फरार हो गए। मृतक के भाई दिनेश कुमार यादव की रिपोर्ट पर आटा चक्की मालिक आशीष, उसके भाई अरविंद और अशोक रजक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। घटना के बाद आरोपी अरविंद और अशोक रजक फरार हो गए। पुलिस उनको तलाश रही है। मृतक युवक 8 महीने पहले ही मर्डर के आरोप में जेल से रिहा हुआ था।