– तीन का पुर्नविवाह सहित 14 जोड़े बंधेेंगे दाम्पत्य बंधन में
झांसी। फिजूलखर्ची व आडम्बरों से मुक्ति हेतु श्री गहोई वैश्य पंचायत झांसी के तत्वावधान में भानी देवी गोयल इण्टर कालेज (उन्नाव वालाजी रोड) पर 10 फरवरी को 22 वां सामूहिक विवाह महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विवाह हेतु 14 जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है जिसमें तीन जोड़ों का पुर्नविवाह होगा। इस महायज्ञ में झांसी, ग्वालियर, छतरपुर, शिवपुरी, भोपाल, अहमदाबाद, दतिया, जबलपुर, गाडवारा, दमोह, टीकमगढ़, नरसिंह पुर आदि से लगभग 4 हजार स्वजातीय बंधुओं के भाग लेने की सम्भावना है।
यहां श्री गहोई वैश्य पंचायत की धर्मशाला में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पंचायत के अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र नौगरैया ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि 22 वां सामूहिक विवाह महायज्ञ की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। कार्यक्रम का शुभारम्भ 10 फरवरी को प्रात: 11 बजे पूर्ण सादगी के साथ होगा। सामूहिक विवाह सायं छह बजे तक चलते रहेंगे। इसमें सामूहिक विवाह के साथ-साथ स्वजातीय बन्धुओं को विवाह योग्य लड़के-लड़कियों के सम्बन्ध में वार्ता हेतु विशेष परिचय कक्ष का आयोजन किया गया है। इसमें उनके अभिभावक आपस में वार्ता करके सम्बन्ध तय कर सकें। उन्होंने बताया कि समारोह में शामिल होने वाले वर-वधु पक्ष से रजिस्ट्रेशन हेतु निर्धारित शुल्क लिया गया है। दोनों पक्षों को भोजन, आवास, मण्डप, विवाह से सम्बन्धित सामग्री नि:शुल्क प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस समारोह में स्थानीय समाज के बन्धुओं एवं विविध संस्थाओं के द्वारा वर-वधु को आशीर्वाद स्वरूप अलमारी, फ्रिज, पलंग, सोफा सेट, सिलाई मशीन, मिक्सी, पंखा, टीवी, टंकी सहित अनेक गृह उपयोगी सामान प्रदान किए जाएंगे। सामूहिक विवाह महायज्ञ का आयोजन स्थानीय स्वजातीय बन्धुओं एवं विविध संस्थाओं द्वारा किया जा रहा है। इस मौके पर का. अध्यक्ष रामप्रकाश नाछोला, महामंत्री किशोरी शरण सरावगी, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गेड़ा, अध्यक्ष सामूहिक विवाह नरेश गुप्ता रक्सा, संयोजक संजीव सेठ सिमरा, नितिन सरावगी, ब’चू लाल सहदेले, प्रकाश लोहिया, प्रो. एसआर गुप्ता, राधेश्याम नीखरा, संजीव सोनी, कुंज बिहारी सांवला, अनिल, संजीव सरावगी आदि उपस्थित रहे।