झांसी। आमजन की समस्याओं को लेकर प्रशासन कितना सजग और जागरूक है, इसका प्रमाण कर्मयोगी संस्था द्वारा आमजन को गर्मी में पेयजल की समस्या के समाधान हेतु चित्रा चौराहा पर बोरिंग की स्वीकृति प्रदान किए जाने के लिए किए गए प्रयास के दौरान एक अधिकारी द्वारा दिए गए सुझाव से सामने आया।

कर्मयोगी संस्था के अध्यक्ष पं. संतोष कुमार गौड़ के मुताबिक इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी में राहगीरों को हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा के निकट चित्रा चौराहे पर शीतल पेयजल की उपलब्धता हेतु कर्मयोगी संस्था द्वारा वाटर कूलर स्थापित करने पर विचार किया गया, जिसका सभी व्यय भी संस्था द्वारा किया जाना तय है। इस स्थल पर निजी विद्युत संयोजन भी संचालित है।पानी के स्त्रोत एवं वाटर कूलर के संचालन हेतु बोरिंग की आवश्यकता को देखते हुए प्रार्थनापत्र सदर विधायक रवि शर्मा को दिया गया था, इस कदम की सराहना करते हुए सदर विधायक ने संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। संस्था अध्यक्ष के मुताबिक इस संबंध में जब वह महानगर के एक मुख्य अधिकारी से भेंट करने पहुंचे तो उन्होंने उम्मीद के विपरीत संस्था की मंशा पर ही सवाल उठाते हुए कहा कि भोजला मंडी में व्यापारियों को पेयजल की समस्या है, बेहतर होगा कि चित्रा चौराहे के स्थान पर वाटर कूलर भोजला मंडी में लगवा दिया जाए, उनके सुझाव को सुनकर संस्था अध्यक्ष दंग रह गए।

अब सवाल यह उठता है कि जनहित में संस्था द्वारा चित्रा चौराहे पर लगवाए जा रहे वाटर कूलर को भोजला मंडी में साधन संपन्न व्यापारियों हेतु लगवाये जाने का सुझाव कहां तक उचित है, जहां रोजाना लाखों – करोड़ों का व्यवसाय करने वाले व्यापारी स्वयं अपनी सुख सुविधा के लिए व्यवस्था करने में सक्षम है।