77 वर्षीय बुजुर्ग पेंशनर के टूटे कूल्हे का अत्याधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के मार्गदर्शन में मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी ने एक और महत्वपूर्ण चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल की है। चिकित्सालय के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश कुमार कुशवाहा द्वारा 77 वर्षीय बुजुर्ग रेल पेंशनर के टूटे हुए कूल्हे का अत्याधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन किया गया।
उक्त बुजुर्ग पेंशनर गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिससे उनके बाएं कूल्हे की हड्डी कई हिस्सों में टूट गई थी और वे चलने-फिरने में पूर्णतः असमर्थ हो गए थे। घायल अवस्था में उन्हें मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी लाया गया, जहां एक्स-रे एवं अन्य आवश्यक जांचों के बाद चिकित्सकों ने पाया कि उन्हें अत्यधिक रक्ताल्पता (एनीमिया), उच्च रक्तचाप तथा हृदय संबंधी बीमारी भी है। इन जटिल स्वास्थ्य परिस्थितियों के कारण शल्यक्रिया अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं उच्च जोखिम वाली थी।
ऑर्थोपेडिक टीम ने गहन चिकित्सकीय मूल्यांकन एवं सावधानीपूर्वक योजना के बाद आधुनिक प्रॉक्सिमल फेमरल नेल एंटी-रोटेशन (PFNA-II) तकनीक का उपयोग करते हुए टाइटेनियम इम्प्लांट्स के माध्यम से सफल सर्जरी संपन्न की। यह ऑपरेशन तकनीकी दृष्टि से अत्यंत जटिल एवं चुनौतीपूर्ण था, जिसे विशेषज्ञ टीम ने उत्कृष्ट समन्वय एवं दक्षता के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया।
इस सफल शल्यक्रिया में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी (अस्थि रोग) डॉ. योगेश कुमार कुशवाहा, एनेस्थेटिस्ट डॉ. अजीत लहरिया, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मुकेश यादव, श्योराज सिंह, मनोज, ड्रेसर माथुर, संदीप एवं मो. सलीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सर्जरी के पश्चात मरीज की स्थिति संतोषजनक है तथा उनके परिजनों ने सफल उपचार के लिए मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह उपलब्धि मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, आधुनिक तकनीकों एवं समर्पित चिकित्सकीय टीम की दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है।














