सोशल मीडिया पर फर्जी रेलवे भर्ती विज्ञापनों से ठगी का प्रयास 

0
26

रेलवे में भर्ती केवल आरआरबी एवं आरआरसी के माध्यम से, नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि न दें

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने युवाओं एवं अभिभावकों को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे फर्जी रेलवे भर्ती विज्ञापनों से सावधान रहने की सलाह दी है। मंडल के संज्ञान में आया है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप चैनल पर रेलवे भर्ती के नाम से भ्रामक एवं फर्जी विज्ञापन प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर आर्थिक ठगी का प्रयास किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारतीय रेलवे में सभी भर्तियां निर्धारित नियमों एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ केवल रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) तथा रेलवे भर्ती सेल (आरआरसी) के माध्यम से ही की जाती हैं। रेलवे द्वारा किसी भी पद पर प्रत्यक्ष भर्ती, बिना परीक्षा नियुक्ति अथवा किसी निजी एजेंसी के माध्यम से चयन की कोई व्यवस्था नहीं है।

रेल प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे “बिना परीक्षा भर्ती”, “डायरेक्ट जॉइनिंग”, “तुरंत नियुक्ति”, “सीमित योग्यता पर सरकारी नौकरी” अथवा “निश्चित चयन” जैसे दावे पूरी तरह भ्रामक एवं फर्जी हैं। ऐसे विज्ञापनों में रेलवे का नाम, लोगो अथवा विभिन्न रेलवे स्टेशनों के नामों का अनधिकृत उपयोग कर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास किया जाता है। इन विज्ञापनों का भारतीय रेलवे अथवा झांसी मंडल से कोई संबंध नहीं है।

यदि किसी कार्य के निष्पादन हेतु रेलवे मंडल को आउटसोर्स कर्मचारियों की आवश्यकता होती है, तो उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप खुली एवं पारदर्शी निविदा (टेंडर) प्रक्रिया अपनाई जाती है। इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु समाचार पत्रों, अधिकृत पोर्टलों तथा अन्य निर्धारित माध्यमों के जरिए स्पष्ट विज्ञप्ति प्रकाशित की जाती है, जिससे सभी पात्र एवं इच्छुक एजेंसियों को समान अवसर प्राप्त हो सके।

निविदाओं का आमंत्रण, प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन तथा एजेंसी का चयन भारतीय रेल के प्रचलित नियमों, वित्तीय मानकों एवं सतर्कता दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाता है। संपूर्ण प्रक्रिया प्रतिस्पर्धात्मक, निष्पक्ष एवं पूर्णतः पारदर्शी होती है, जिसमें किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत अनुशंसा या प्रत्यक्ष नियुक्ति का प्रावधान नहीं होता। चयनित एजेंसी के माध्यम से ही आवश्यकतानुसार मानव संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

अतः रेलवे मंडल में आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति अथवा सेवाओं का प्रावधान केवल विधिवत निविदा प्रक्रिया के माध्यम से ही किया जाता है, जो पूर्णतः पारदर्शी, नियमसम्मत एवं जवाबदेह व्यवस्था पर आधारित है।

झांसी मंडल ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी भर्ती संबंधी सूचना की सत्यता केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जांचें तथा नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति, संस्था या एजेंसी को धनराशि का भुगतान न करें। यदि किसी को इस प्रकार का संदिग्ध विज्ञापन प्राप्त होता है अथवा कोई व्यक्ति रेलवे में नौकरी दिलाने का दावा करता है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 अथवा संबंधित अधिकारियों को दें। साथ ही ऐसे फर्जी विज्ञापनों की शिकायत संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी दर्ज कराएं।

रेलवे भर्ती संबंधी सभी प्रामाणिक एवं अद्यतन जानकारी केवल भारतीय रेलवे, रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) तथा रेलवे भर्ती सेल (आरआरसी) की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध होती है। रेल प्रशासन ने आमजन से आग्रह किया है कि भर्ती संबंधी जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों पर ही विश्वास करें तथा किसी भी प्रकार के फर्जी प्रचार-प्रसार से सतर्क रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here