लाइन किनारे खड़ी थी मृतक की बाइक
झांसी। झांसी-भोपाल रेलवे रूट पर थाना प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत बल्लमपुर के पास एक बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी का शव पड़ा मिला है। उसकी बाइक पटरी किनारे खड़ी मिली है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कारोबारी के खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। वह किन परिस्थितियों का शिकार बना रहस्यमय बना हुआ है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिवाय नगर राजगढ़ निवासी मनीष यादव (33) दो भाइयों में छोटा 10 साल पहले रेलवे में तैनात पिता की मौत के बाद बड़े बेटे हाकिम को मृतक आश्रित कोटे से रेलवे में नौकरी मिल गई थी। मनीष बिल्डिंग मैटेरियल का काम करता था। परिजन ने बताया कि मनीष बीते दिन दुकान बंद कर शराब के नशे में घर पहुंचा और बाइक उठा कर निकल गया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर उसकी खोजबीन की तो बल्लमपुर के पास से निकली रेल लाइन किनारे उसकी बाइक खड़ी और पास में उसका शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा दिखाई दिया।
घटना स्थल की परिस्थितियों से स्पष्ट है कि मनीष की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। परिजनों ने बताया कि मनीष के छह साल का बेटा है और पत्नी गर्भवती है। मनीष ने आत्महत्या की या किसी परिस्थिति का शिकार हो गया स्पष्ट नहीं है।














