गतिमान में 10 लाख कैश छोड़ कर उतरा इंजीनियर

0
210

ट्राली सूटकेस में 500 के नोटों की 20 गड्डियों में ₹10 लाख रुपए भर कर दिल्ली से लाया था कैश, ट्रेन में मिला

ग्वालियर/झांसी। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर एक कंपनी के इंजीनियर का करीब 10 लाख रुपए से भरा ट्राली सूटकेस गायब हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस सक्रिय हो गई और 2 से 3 घंटे के भीतर सूटकेस को ट्रेन में शिकायतकर्ता की सीट से बरामद कर लिया गया।

दरअसल, जिंदल कंपनी में इंजीनियर पद पर कार्यरत राजीव खन्ना दिल्ली से ग्वालियर के लिए गतिमान एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। वह ट्रेन के कोच नंबर सी-8 की सीट नंबर 30 पर यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनके पास एक ट्राली सूटकेस था, जिसमें गड्डियों में करीब 10 लाख रुपए रखे हुए थे। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद जब वे ट्रेन से उतरे तो उन्हें ध्यान आया कि उनका ट्राली सूटकेस गायब है।

ट्राली सूटकेस में बड़ी रकम होने के कारण राजीव खन्ना घबरा गए और तत्काल जीआरपी बीजी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। शिकायत मिलते ही जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और ट्रेन में मौजूद स्टाफ तथा अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई।

जांच में पता चला कि ट्राली सूटकेस ट्रेन में ही रह गया था। इसके बाद संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर ट्रेन की लोकेशन ट्रेस की गई। जांच के दौरान ग्वालियर और दतिया के बीच ट्रेन में ही ट्राली सूटकेस सुरक्षित मिल गया। ट्रेन में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सीट पर रखे सूटकेस को अपने कब्जे में लेकर उसकी पुष्टि कराई। इसके बाद ट्रेन के झांसी स्टेशन पर पहुंचने के बाद नोटों वाले ट्राली सूटकेस को उतार कर वापस ग्वालियर ले जा कर राजीव खन्ना को सौंप दिया।

करीब 10 लाख रुपए से भरा ट्राली सूटकेस सुरक्षित वापस मिलने के बाद राजीव खन्ना के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने जीआरपी और रेलवे अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here