झांसी। अभी हाथों की मेंहदी छूट भी नहीं पाई थी कि डेढ़ माह में खुशियों को ग्रहण लग गया। पत्नी को विदा कराने ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। डेढ़ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। ओरछा पहुंचने से पहले उसकी बाइक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मप्र के जिला शिवपुरी के खनियाधाना निवासी सलमान खान (25) का निकाह निवाड़ी निवासी महक से हुआ था। बकरीद पर महक मायके चली गई। त्योहार के बाद सलमान उसे लेने के लिए शुक्रवार रात करीब आठ बजे निवाड़ी ससुराल जा रहा था।

रास्ते में ओरछा से पहले तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सलमान की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां उसकी मौत की खबर मिलते ही सलमान के परिवार व ससुराल में कोहराम मच गया। डेढ़ माह में ही दो परिवारों की खुशियां उजड़ गई। उधर पति की मौत की खबर सुनकर नवविवाहिता महक बेहोश हो गई। चार भाइयों में सलमान दूसरे नंबर का था। उसकी चार बहनें हैं।