झांसी। बुधवार को समाजवादी पार्टी द्वारा महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और किसान उत्पीड़न जैसे मुद्दों को लेकर झांसी में किए गए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर दी है। सदर बाजार थाना पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह यादव समेत 31 नामजद और करीब 300 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सदर बाजार थाने में तैनात उप निरीक्षक धर्म सिंह ने इस संबंध में तहरीर दी है जिसमें बताया गया कि समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान वह पुलिस बल के साथ ड्यूटी पर मौजूद थे। आरोप है कि सपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कुंज वाटिका विवाह घर के पास एकत्र होकर सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को पहले ही बता दिया गया था कि कार्यक्रम की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद कार्यकर्ता बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ने लगे।
तहरीर के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर दी और कलेक्ट्रेट पहुंच गए। वहां भी नारेबाजी और प्रदर्शन जारी रखा गया, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। उप निरीक्षक धर्म सिंह की तहरीर के आधार पर सदर बाजार थाने में बृजेन्द्र सिंह यादव समेत 31 नामजद नेताओं और 250 से 300 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया था। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली थी।














