चोर माक्स-तौलिया से चेहरा ढककर घुसा, छत पर चॉकलेट-आइसक्रीम खाई, 2.5 लाख का माल उड़ाया 

झांसी। जिले में थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ओरछा गेट पुलिस चौकी से लगभग 50 मीटर दूर छनियापुरा चौराहे पर प्रोविज़न स्टोर में माक्स और तौलिया से मुंह ढककर घुसे शातिर चोर ने पहले चॉकलेट व आइसक्रीम खा कर पार्टी की और लगभग डेढ़ लाख रुपए कैश, सोने की अंगूठी समेत अन्य कीमती सामान चुराकर ले गया। चोरी गये माल की कीमत करीब 2.5 लाख रुपए बताई गई है।पड़ोस के निर्माणाधीन घर की छत से घुसा चोर करीब ढाई घंटे तक दुकान में रहा और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। शनिवार सुबह दुकानदार पहुंचा तो चोरी का पता चला। इस घटनाक्रम से क्षेत्र में सनसनी फ़ैली है।

झांसी के थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत खुशीपुरा निवासी अरविंद साहू की ओरछा गेट अंदर छनियापुरा चौराहे पर आरडी केक एंड आइसक्रीम पार्लर के नाम से दुकान है। अरविंद साहू शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद करके घर गए थे। रात 1.15 बजे चोर पड़ोस में बन रहे निर्माणाधीन मकान की छत से उसकी दुकान की छत पर आया। फिर सीढ़ियों से नीचे आ गया। चोर अपनी पहचान छिपाने को मुंह पर माक्स लगाए था और तौलिया से महिलाओं की तरह घूंघट डाल कर पूरा मुंह कवर किए था।

चोर ने सबसे पहले एक-एक करके चोर ने 3 सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद करीब ढाई घंटे तक दुकान में छानबीन की। चोर करीब डेढ़ लाख रुपए कैश, सोने की एक अंगूठी, कीमती चॉकलेट, नमकीन और अन्य सामान्य चुराकर ले गया। कुल मिलाकर ढाई लाख की चोरी हुई है। दुकानदार अरविंद साहू के बहनोई रविंद्र साहू का दुकान के पीछे घर बना है। घर से दुकान के अंदर जाने के लिए गेट भी है। रविंद्र साहू ने बताया- शनिवार सुबह दुकान की छत पर रखे पौधों में पानी डालने गया था। तब छत पर चॉकलेट और आइसक्रीम पड़ी थी। नीचे आकर घरवालों को बताया तो पत्नी नीचे दुकान में गई। दुकान में सामान बिखरा पड़ा था। यह देख कर चोरी का एहसास होने पर फोन कर अरविंद को घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बुलाया। अरविंद के आने के बाद देखा तो पता चला कि चोरी हुई है। सीसी टीवी कैमरे टूटे पड़े थे और डीवीआर भी नहीं था। एक कमरे में चोर आते हुए और सीसीटीवी कैमरे को तोड़ते हुए रिकॉर्ड हो गया।

दुकानदार अरविंद ने बताया कि शुक्रवार रात को एक प्रोग्राम में गया था। इसलिए सोने की अंगूठी पहन गया था। रात को प्रोग्राम से लौटा तो अंगूठी दुकान में रख दी थी। चोर अंगूठी भी चुराकर ले गया। वहीं, बहनोई रविंद्र साहू का कहना है कि महीने का एंड हैं। कर्मचारियों को वेतन, किस्त और अन्य पेमेंट करनी थी, इसलिए दुकान में कैश रखा था। पहले भी इसी तरह दुकान में कैश रखा रहता था। फिलहाल पुलिस द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और चोर की तलाश शुरू कर दी है।