– परिजनों रो-रो कर मांगा न्याय, एसएसपी की फटकार पर दर्ज हुआ मुकदमा
झांसी। जनपद के थाना बड़ागांव क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम बेहटा में बालक की हत्या कर शव को फंदे पर लटका कर उसे आत्महत्या का रूप देने व पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नहीं करने से दुखी परिवार ने कलेक्ट्रेट में रो-रो कर न्याय की गुहार की। पीडि़तों को आंसुओं से द्रवित एसएसपी ने थानाध्यक्ष की फटकार लगाई तब कहीं जाकर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
दरअसल, आज कलेक्ट्रेट परिसर में ग्राम बेहटा थाना बड़ागांव में रहने वाली महिलायें व पुरूष पहुंचे और उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में रो-रो कर न्याय मांगा। यह देख प्रशासनिक अधिकारी उनके पास पहुंचे और उनकी समस्या जानी। प्रार्थना पत्र देते हुए ग्राम बेहटा पालर बड़ागांव निवासी केशव सिंह राजपूत ने बताया कि उसका पुत्र १३ वर्षीय प्रहलाद कक्षा ८ में पढ़ता था। १८ फरवरी को स्कूल की छुट्टी होने से वह सबेरे ७ बजे ट्यूशन पढऩे पारीछा चला गया और वह व उसकी पत्नी शान्ति घर में ताला लगाकर खेत पर चले गये। १० बजे उसका पुत्र ट्यूशन पढ़कर घर लौटा तो पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने उसके पुत्र को अपने घर बुलाया और उसकी जमकर मारपीट की, जिससे उसके पुत्र की मौत हो गई। घटना छुपाने के लिए उक्त लोगों ने उसके घर की कुन्डी तोड़ी और उसके पुत्र के शव को अपने घर से उसके घर में ले जाकर तौलिया से छत में लगे कुण्डे से लटका दिया। जब वह घर पहुंचे तो उन्हें उसकी जानकारी हुई। उसके पुत्र के शरीर पर गम्भीर चोट के निशान थे। उन्होंने इस हत्या की शिकायत बड़ागांव थाना पुलिस से की, परन्तु पुलिस ने अभी तक कोई कार्यवाही नही की। इस पर प्रशासनिक अधिकारी ने एसएसपी से बात की। प्रकरण की जानकारी होते ही एसएसपी ने बड़ागांव थानाध्यक्ष की जमकर फटकार लगाई और आरोपियों केखिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी दो महिलायें व तीन पुरूषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।