– थाने में रात में घण्टों चला हाईटेक ड्रामा- दुल्हन बोली मांग रहे 50 लाख

झांसी। झांसी के एक विवाह घर में गुरुवार हाथों में मेहंदी लगाए दुल्हन अपने दूल्हे का इंतजार कर रही और रिश्तेदार बारात के स्वागत सत्कार की तैयारी कर रहे थे, चारों तरफ खुशियां खिलखिला रहीं थीं कि उन पर उस समय ग्रहण लग गया जब दूल्हा, बैंड-बाजा बाराती नहीं पहुंचे तो मामला कोतवाली थाने पहुंच गया और रात्रि में घंटों आरोप प्रत्यारोप के बीच पंचायत लगी रही।
लड़की का आरोप- लड़के ने 50 लाख मांगा दहेज
लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के वालों को दहेज में 50 लाख नहीं मिले तो शादी तोड़ दी। जबकि दूल्हे ने इससे इनकार करते हुए कहा कि लड़की पक्ष के लोग उसके परिजनों के साथ बदतमीजी से पेश आ रहे थे इसलिए शादी तोड़ दी। मामला थाने में पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया।
दरअसल, मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी आकृति जैन का विवाह झांसी के सुभाषगंज निवासी आचरण जैन के साथ तय हुआ था। लड़की पक्ष के लोग अपनी लड़की को लेकर शहर कोतवाली क्षेत्र में बने एक विवाह घर आ गए थे जहां पर गुरुवार सुबह से सारी रस्में संपन्न हो चुकी थी। इंतजार था तो सिर्फ बारात का। लेकिन दोनों पक्षों में विवाद हो गया और मामला कोतवाली में जा पहुंचा।
दुल्हन आकृति जैन ने शहर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया कि दिन के समय में दूल्हा पक्ष ने उसके परिवार वालों से अतिरिक्त दहेज में 50 लाख रुपए की डिमांड रखी थी। इस पर उसके परिजनों ने असमर्थता जताई तो वर पक्ष ने शादी करने से इन्कार कर दिया। वहीं, दूल्हा आचरण जैन ने बताया कि वह आयरलैंड में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उसकी शादी छतरपुर निवासी आकृति जैन के साथ तीन महीने पहले तय हुई थी। गुरुवार को शादी होनी थी लेकिन लड़की पक्ष के लोग उसके परिजनों के साथ बदतमीजी के साथ पेश आ रहे थे। शादी के प्रोग्राम की तैयारी को खराब बता रहे थे। लड़की पक्ष के लोगों ने हम लोगों को बंधक बनाकर उसे व उसके पापा के साथ मारपीट की और गंदी-गंदी गालियां भी दी। इस वजह से वह वहां शादी नहीं करेगा। उसने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में देर रात दोनों पक्षों ने लिखित तहरीर दी है जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला झांसी में चर्चा में है।










