नीट परीक्षा के दृष्टिगत झांसी रेल मंडल की व्यापक तैयारियाँ, झांसी स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित 

0
54

झांसी। 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं।

मण्डल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए झांसी रेलवे स्टेशन पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। इस हेल्प डेस्क के माध्यम से अभ्यर्थियों को ट्रेन एवं प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी, स्टेशन परिसर में मार्गदर्शन, स्थानीय परिवहन संबंधी आवश्यक जानकारी तथा किसी भी प्रकार की कठिनाई की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी।

इसके अतिरिक्त, संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल व्यवस्था, कोच वाटरिंग, स्टेशन परिसर की स्वच्छता, वाटर कूलरों की कार्यशीलता, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, पंखों एवं प्रकाश व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही टिकट काउंटरों की पर्याप्त उपलब्धता, ट्रेनों एवं प्लेटफार्मों से संबंधित घोषणाओं की नियमित व्यवस्था तथा एटीवीएम एवं अन्य टिकटिंग मशीनों के सुचारु संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार विशेष गाड़ियों के संचालन की व्यवस्था भी रखी गई है।

परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर, झाँसी एवं बांदा स्टेशनों पर प्रत्येक स्टेशन पर एक-एक विशेष ट्रेन (Special Train) का प्रावधान रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इन्हें तत्काल संचालित कर यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इसके अतिरिक्त, परीक्षार्थियों के मार्गदर्शन एवं सहायता हेतु उक्त तीनों स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से परीक्षार्थियों को आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन तथा अन्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here