उरई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट उरई द्वारा रेलवे अस्पताल उरई से चोरी हुई रेलवे संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए दो बाल अपचारियों को पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
ज्ञात हो कि 10 जून, 2026 को उत्तर मध्य रेलवे चिकित्सालय, उरई के फार्मेसी कक्ष से एक सीनिक्स ऑल इन वन कंप्यूटर, की-बोर्ड, माउस, सैमसंग कंपनी का प्रिंटर, माइक्रोटेक यूपीएस एवं एक दीवार घड़ी चोरी हो गई थी। मामले में अपराध पंजीकृत कर रेलवे एक्ट की धारा के अंतर्गत जांच प्रारम्भ की गई।
जांच के दौरान घटना स्थल का निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि अस्पताल के दवा वितरण कक्ष के पीछे लगे टाई बार को काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मौके से एक हेक्सा ब्लेड बरामद कर उसे साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया। अस्पताल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, स्थानीय स्तर पर पूछताछ तथा मुखबिर तंत्र की सहायता से गहन जांच एवं निरंतर निगरानी प्रारंभ की गई l
इसी क्रम में 21 जून, 2026 को गुप्त निगरानी के दौरान चोरी गई रेलवे संपत्ति को झाड़ियों से ले जाते हुए दो बाल अपचारियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। पकड़े गए बाल अपचारियों की पहचान ऋषभ वर्मा (17 वर्ष) एवं सौरभ वर्मा (14 वर्ष), निवासी तुफैल पुरवा, उरई, जनपद जालौन (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
पकड़े गए बाल अपचारियों के कब्जे से चोरी गई सम्पूर्ण रेलवे संपत्ति, जिसमें एक सीनिक्स ऑल इन वन कंप्यूटर, एक की-बोर्ड, एक माउस, एक सैमसंग कंपनी प्रिंटर (SL-M2071/XIP), एक माइक्रोटेक यूपीएस (0.5 केवीए) एवं एक दीवार घड़ी शामिल है, बरामद कर ली गई है। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग ₹25,000/- है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक अंकित कुमार, उप निरीक्षक अतुल कुमार, प्रधान आरक्षक रुदल सिंह, प्रधान आरक्षक नरेंद्र कुमार सिंह एवं आरक्षक मोहम्मद वसी शामिल रहे। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।














