झांसी। जिले के थाना रक्सा क्षेत्र अंतर्गत पुनावली में गृह कलेश के चलते पति ने ब्यूटी पार्लर में घुस कर अपनी पत्नी पर चाकूओं से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पत्नी घायल हो गई है। सूचना मिलते ही रक्सा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में 108 एंबुलेंस के जरिए घायल को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
रक्सा थाना क्षेत्र में पुनावली कला निवासी रामकिशन पाल की बड़ी लड़की वंदना की शादी इंदरगढ़ के ग्राम रमदेवा निवासी रविंद्र पाल पुत्र अमर सिंह पाल से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही रविंद्र पाल वंदना से मारपीट करने लगा। इसके बारे में उसने अपने घर वालों को भी बताया कि रविंद्र पाल शराब का नशा कर मारता पीटता है। काफी समझाने के बाद भी वह लगातार वंदना को प्रताड़ित करता रहा जिससे परेशान होकर रामकिशन पाल ने बेटी को दतिया के इंदरगढ़ कस्बे में ब्यूटी पार्लर खुलवा दिया।
इसके बाद भी क्लेश शांत नहीं हुआ। एक माह पहले वंदना अपने बच्चे आर्य पाल के साथ अपने मायके पुनावली कला में आ गई और उसने यहां पर भी कस्बा रक्सा पुनावली मार्ग पर पुनावली गांव में ही पार्लर खोल लिया। शुक्रवार को जब वह अपनी बहन पूजा पाल के साथ पार्लर पर थी इसी दौरान रविंद्र पाल अपने एक साथी के साथ मुंह बांधकर आया और आते ही वंदना से झगड़ने लगा। झगड़ा शुरू होने के बाद रविंद्र पाल द्वारा चाकू निकाला और तीन-चार हमले किए जो उसके सीधे गर्दन के आसपास तथा चेहरे पर लगे। हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह देख कर बहन पूजा पाल घबरा गई और वंदना के लड़के आर्य को लेकर पड़ोसी के यहां भाग गई।
बताया गया है कि आरोपी ने हमला पूरा योजनाबद्ध तरीके से किया। आरोपी रविंद्र पाल दुकान में जाकर हमला करता रहा तो वहीं दूसरा अज्ञात गाड़ी स्टार्ट किए हुए बाहर खड़ा रहा। हमला करने के बाद रविंद्र पाल अपने अज्ञात साथी के साथ भाग गया। घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल वंदना को मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। यहां उसका इलाज जारी है।