Oplus_131072

निजी डॉक्टरों की हड़ताल ने बढ़ाई परेशानी 

Oplus_131072

झांसी। झांसी में डॉक्टर्स की हड़ताल से मरीजों की परेशानी अब बढ़ने लगी है। कोलकाता घटना के विरोध में अब तक महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर, सीनियर रेजीडेंट (सीनियर डॉक्टर) और इंटर्न डॉक्टर हड़ताल पर चल रहे थे, लेकिन शनिवार सुबह से आईएमए ने 24 घंटे के लिए काम रोक दिया। इससे निजी अस्पतालों में भी मरीजों को इलाज नहीं मिला। जिन अस्पतालों में डॉक्टर ओपीडी कर रहे थे, वहां आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रताप सिंह, सचिव डॉ. रविकांत समेत हड़ताली डॉक्टर पहुंच गए और ओपीडी बंद करा दी। सिर्फ इमरजेंसी मरीजों को ही देखा गया।

जूनियर रेजीडेंट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ. नीरज शर्मा और वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अरविंद यादव ने बताया कि कोलकाता के एक मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद देशभर में डॉक्टर हड़ताल पर है। सोमवार से जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू की। शुक्रवार को सीनियर रेजीडेंट, इंटर्न डॉक्टर और एमबीबीएस स्टूडेंट्स हड़ताल पर चले गए। साथ ही आईएमए ने शनिवार सुबह 6 बजे से 24 घंटे की हडताल का ऐलान किया था।

शनिवार सुबह डॉक्टरों ने मेडिकल गेट नंबर दो पर प्रदर्शन किया। इसके बाद वे मेडिकल कॉलेज के ओपीडी ब्लॉक में पहुंच गए। वहां डॉक्टरों ने ओपीडी बंद करा दी। इसके बाद पता चला कि अभी भी कुछ निजी अस्पतालों में ओपीडी चल रही है। इस पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के पास बने तमाम निजी अस्पतालों का भ्रमण किया। जिन अस्पतालों में ओपीडी चल रही थी, वहां बंद करा दी गई।

सभी निजी अस्पतालों की ओपीडी बंद रही

आईएमए के आह्वान पर झांसी में निजी डॉक्टर आज हड़ताल पर है। सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक ओपीडी बंद रहेगी। किसी भी निजी अस्पताल में आज ओपीडी नहीं चल रही है। सिर्फ इमरजेंसी मरीजों को देखा जा रहा है। कुछ जगह ओपीडी चल रही थी, वहां जाकर बंद करा दी गई है। सभी निजी डॉक्टर हड़ताल में शामिल हैं।