रेलवे स्टॉफ समेत आरपीएफ ने खंगाला कोच, गायब हो गया
झांसी। चेन्नई जा रही जीटी एक्सप्रेस के एसी कोच में डस्टबिन के पास सांप होने से यात्रियों में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ समेत रेलवे स्टॉफ ने कोच को खंगाला लेकिन, सांप नहीं मिला। कोच की गहन छानबीन के बाद गाड़ी को रवाना कराया, किंतु यात्री दहशत में रहे।
नई दिल्ली से चलकर चेन्नई जा रही जीटी एक्सप्रेस (12616) के एसी कोच नंबर बी-3 के शौचालय के पास डस्टबिन पर सांप दिखाई देने की सूचना मिली। शुक्रवार रात करीब 11 बजे गाड़ी प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची। तभी ऑन ड्यूटी डिप्टी एसएस वाणिज्य के साथ सीएण्डडब्ल्यू स्टॉफ आरपीएफ के साथ कोच में पहुंचे। जहां सभी ने मिलकर शौचालय के पास बने वॉशबेशिन व डस्टबिन के पास जांच की, लेकिन मौके पर कोई सांप नहीं मिला।
इसके बाद शिकायतकर्ता से भी संपर्क किया, लेकिन फोन बंद होने पर यात्रियों से जानकारी ली गई। पूछताछ करने पर यात्रियों द्वारा अनभिज्ञता जताने पर रेलवे ने जांच कर गाड़ी को निर्धारित समय पर रवाना कराया।














