झांसी। जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र में प्रेम कहानी प्रेमी के धोखा देने से परवान नहीं चढ़ पाई। प्रेमी युगल ने संग साथ जीने-मरने का वादा किया लेकिन, ऐन मौके पर प्रेमी ने धोखा दे दिया। प्रेमी पर विश्वास करके प्रेमिका ने जहर निगल लिया। उसे तड़पता छोड़कर प्रेमी वहां से भाग निकला। जहर निगलने से प्रेमिका की मौत हो गई। उसके परिजन युवक पर साजिश रचने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
साज़िश का शिकार बनी झांसी के सदर बाजार निवासी 17 वर्षीय किशोरी (17) के पिता का कहना है पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसकी पुत्री को मोबाइल फोन दिया। कुछ दिन पहले उन लोगों ने बेटी को फोन पर बात करते पकड़ लिया। जब वह लोग शिकायत लेकर युवक के घर पहुंचे तब उसके परिजन धमकाने लगे। आरोप है युवक ने धोखे से उसकी पुत्री को बुलाया और एक साथ जान देने की बात कही। इसके बाद उसकी पुत्री को जहर खिला दिया लेकिन, खुद उसने जहर नहीं निगला और भाग गया।
जहर निगलने से किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। उसने घर पहुंचकर यह बात परिजनों को बताई। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर सदर बाजार पुलिस भी पहुंच गई। किशोरी के कमरे से दो मोबाइल भी बरामद हुए हैं। उधर, किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस द्वारा फोन की काल डिटेल, वीडियो, फोटो आदि खंगाल कर साक्ष्य जुटाई जा रही है। इस मामले में परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।