– ससुराल आने के 10 दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली विवाहिता
– चार महीने पहले हुई थी शादी, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत झारखड़िया मोहल्ला स्थित ससुराल में 10 दिन पहले आई बहू सपना साहू (33) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डेढ़ किलो चांदी और 50 ग्राम सोना दिया था
महानगर के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती निवासी सत्येंद्र साहू ने बताया- उसकी 3 बहनें रूचि, रचना और सपना हैं, जबकि मैं अकेला भाई हूं। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बहन सपना की शादी 20 फरवरी 2026 को अभिषेक से की थी। अभिषेक उसके घर से लगभग एक किलोमीटर दूर कोतवाली क्षेत्र के झारखड़िया मोहल्ले में रहता है।
अभिषेक बिसाती बाजार में आर्टिफिशयल ज्वेलरी की शॉप चलाते हैं। शादी में हम लोगों ने लगभग डेढ़ किलो चांदी और 50 ग्राम सोने के जेवरात दिए थे। इसके अलावा सामान दिया था। अपनी हैसियत के अनुसार धूमधाम से शादी की थी। मगर ससुराल वाले खुश नहीं थे।
ससुराल वाले सपना को परेशान करते थे। उससे एसी और चेन मांग रहे हैं। सपना के बताने पर उसके भाई ने उसे दस दिन पहले ही नया कूलर खरीदकर दिया था। 18 जून को सपना ससुराल गई। वहां उसे दोबारा ताना मारा। शनिवार रात लगभग 11 बजे सपना ने भाई सत्येंद्र को फोन करके मायके में रहने की इच्छा जताई। भाई ने मंगलवार को आकर उसे ले जाने का भरोसा दिलाया। रविवार सुबह अभिषेक ने फोन करके उसे बताया कि सपना बेसुध हाल में विस्तर पर पड़ी है।
यह सुनकर सत्येंद्र तुरंत ससुराल पहुंचा। वहां विस्तर पर सपना अचेत पड़ी थी। मेडिकल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज के लिए बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। मेरी बहन की हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।














