पिता बोले- 3 महीने पहले उसके इकलौते बेटे की शादी हुई थी
झांसी। लगभग 3 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी और पत्नी मायके में सहेलियों को पार्टी देने के लिए 25 हजार रुपए मांग रही थी। प्राइवेट काम करने वाले पति के पास इतने रुपए नहीं थे, इसलिए बहू आ नहीं रही थी। इससे अवसाद में आए पति ने जान दे दी।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ागांव गेट बाहर निवासी प्रमोद प्रजापति (22) पुत्र संतोष प्रजापति की शादी 9 मार्च 2026 को रोशनी से हुई थी। शादी के बाद बहू मायके गई। इसके बाद सहेलियों को पार्टी देने के लिए 25 हजार रुपए की डिमांड करने लगी। इतने पैसे प्रमोद नहीं दे पाया क्योंकि उसकी इतनी कमाई ही नहीं थी। डिमांड पूरी नहीं हुई तो रोशनी मायके से ससुराल आने को तैयार नहीं थी। पिता संतोष प्रजापति का कहना है कि उसके घरवाले भी बेटी के साथ हो गए।
पिता ने बताया कि 19 जून को बहू को लेने गया था। तब समधी कहने लगे कि पार्टी के लिए 25 हजार रुपए दो, तब बेटी को भेजेंगे। उन्होंने न पानी के लिए पूछा और न ही खाना के लिए। तब घर आ गया और पैसों के इंतजाम में जुट गया। बहू नहीं आई तो बेटा प्रमोद डिप्रेशन में रहने लगा।
21 जून को वह काम से लौटा तो शराब के साथ जहर खा लिया। रात लगभग 9:30 बजे मैं घर आया तो बेटा उल्टी कर रहा था। तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आया। यहां पर इलाज के दौरान बेटे की आज मौत हो गई।
मौत के बाद भी नहीं आई बहू
पिता ने बताया- बेटे की तबीयत बिगड़ने की जानकारी बहू और उसके परिवार वालों को दे दी थी। इसके बाद भी वो लोग नहीं आए। कुछ दिन बाद उन्होंने फोन उठाने भी बंद कर दिया। अब बेटे की मौत हो चुकी है, लेकिन बहू और उसके परिवार वाले अभी तक नहीं आए हैं।
संतोष प्रजापति के दो बेटी और एक बेटा है। बेटी काजल और इकलौते बेटे प्रमोद की शादी हो चुकी है। जबकि छोटी बेटी अंजली अविवाहित है।














