रामराजा सोलर एनर्जी पर 3 किलोवाट सोलर प्लांट अधूरा छोड़ने का आरोप

0
322

परेशान उपभोक्ता द्वारा उपभोक्ता फोरम में वाद दायर करने की तैयारी

झांसी। सिविल लाइंस स्थित ग्वाल टोली निवासी अंजू यादव ने पत्रकारों से बातचीत में रामराजा सोलर एनर्जी पैनल कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कंपनी की लापरवाही और वादाखिलाफी के कारण उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि अब वह जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, झांसी में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं।

अंजू यादव के अनुसार वर्ष 2025 में उन्होंने कंपनी से फाइनेंस पर 3 किलोवाट का सोलर प्लांट लगवाया था। स्थापना के दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने छत का निरीक्षण कर बताया कि स्थान कम होने के कारण पूरा प्लांट स्थापित नहीं किया जा सकता। इसके बाद चार सोलर पैनल लगाए गए, जबकि दो पैनल घर पर ही छोड़ दिए गए। कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के शेष पैनल एवं स्ट्रक्चर नि:शुल्क स्थापित कर दिए जाएंगे।

बार-बार अनुरोध के बावजूद नहीं किया कार्य
उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार संपर्क करने के बावजूद कंपनी ने शेष दो पैनल स्थापित नहीं किए। बाद में कंपनी की ओर से कार्य पूरा करने के लिए ₹15,000 अतिरिक्त जमा करने की मांग की गई, जबकि पहले नि:शुल्क स्थापना का वादा किया गया था।

मजबूरी में दूसरे संस्थान से कराया कार्य
अंजू यादव ने बताया कि कंपनी की उदासीनता के कारण उन्हें मजबूरी में दूसरी संस्था से शेष दो पैनल एवं संबंधित कार्य अपने निजी खर्च पर कराना पड़ा, जिस पर लगभग ₹12,000 का अतिरिक्त खर्च आया।

उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी
पीड़िता ने कहा कि वह सभी दस्तावेज, बिल, फोटो एवं अन्य साक्ष्यों के साथ जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि आयोग से आर्थिक क्षति की भरपाई, मानसिक उत्पीड़न के लिए क्षतिपूर्ति तथा कंपनी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here