जीआरपी एसपी ने किया सम्मानित
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर एक ऑटो चालक ने अनुकरणीय ईमानदारी की मिसाल की। उसकी आटो में छूटा महिला यात्री का लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चालक ने लालच में आए बिना बैग सुरक्षित रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया। जीआरपी की त्वरित कार्रवाई के बाद बैग उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए रेलवे पुलिस अधीक्षक ने ऑटो चालक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और महिला ने चालक की ईमानदारी व जीआरपी की त्वरित कार्रवाई की तहे दिल से सराहना की।
दरअसल, थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत गुमनावारा निवासी सुनीता पत्नी ओमकार नाथ एक बैग लेकर 29 जून को 11802 प्रयागराज एक्सप्रेस से बांदा से झांसी रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। स्टेशन से अपने घर जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किराए पर लिया। घर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका खाकी-हरे रंग का बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा अन्य महत्वपूर्ण सामान भी रखा हुआ था। बैग गुम होने की जानकारी मिलते ही महिला ने जीआरपी थाने से संपर्क कर मदद मांगी।
सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संबंधित ऑटो की पहचान की गई और चालक शिवा पुत्र टिंकू निवासी भट्टेगांव, थाना सदर, झांसी का पता लगाया गया। पुलिस के संपर्क करने से पहले ही चालक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग सुरक्षित अपने पास रखा और उसे लेकर स्वयं जीआरपी थाने पहुंच गया।
इसके बाद महिला को थाने बुलाकर बैग की पहचान कराई गई। जांच करने पर बैग में रखे सभी सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान सुरक्षित मिले। अपना सामान सही-सलामत वापस मिलने पर महिला ने ऑटो चालक शिवा की ईमानदारी और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
रेलवे पुलिस अधीक्षक ने आटो चालक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और कहा कि समाज में ऐसे ईमानदार नागरिक दूसरों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने सभी ऑटो एवं टैक्सी चालकों से अपील की कि यदि किसी यात्री का सामान उनके वाहन में छूट जाए तो उसे तत्काल निकटतम थाना या जीआरपी के सुपुर्द करें, ताकि वह सुरक्षित उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की रक्षा में आम नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।














