झांसी। कानपुर -झांसी हाईवे पर जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में पहाड़ी बाईपास पर एक चलती कार में कार लग गयी और उसमें सवार लोगों ने कार से जैसे तैसे कूदकर अपनी जान बचायी।

दतिया के भांडेर निवासी धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 11 बजे पेमेंट देने झांसी आ रहा था। कार में मेरा 7 साल का बेटा भी सवार था। जब हम चिरगांव के पहाड़ी गांव के बाइपास पर पहुंचे तो कार की साइड में चिंगारी नजर आई। झुककर देखा तो आग लगी हुई थी। इस पर उन्होंने ब्रेक लगाने की कोशिश की मगर कार के ब्रेक नहीं लगे। तब कार लगभग 70 से 80 किमी प्रति घंटा की स्पीड में थी। उन्होंने तुरंत कार को बंद किया। थोड़ी आगे चलकर कार रुक गई। मैं तुरंत नीचे उतरा और फिर बेटे को नीचे उतारा। तब तक कार में भीषण आग लग चुकी थी। स्थानीय लोगों ने पानी डाला, मगर आग बढ़ती चली गई।

एक घंटे नहीं आई दमकल गाड़ी

धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत पुलिस और फायरबिग्रेड को सूचना दी। मगर करीब एक घंटे तक फायरबिग्रेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। तब कार धूं-धूं कर जलती रही। आग की लपटें लगभग 40 फीट ऊंची उठ रही थी। बाद में फायर बिग्रेड की गाड़ी आई और पानी डालकर आग पर काबू पाया। कार में दो लाख 70 हजार रुपए रखे थे। आग से पूरा कैश और दुकान के कागजात जल गए। कार भी पूरी जलकर राख हो चुकी है। किन परिस्थितियों के चलते लगी स्पष्ट नहीं हो पाया है।