हिंदू संगठन के कार्यकर्ता बताकर आधार कार्ड देखने पर विवाद

झांसी। शनिवार देर रात झांसी शहर में नवाबाद थाना क्षेत्र के होटल रीजेंटा स्थित मॉलिक्यूल एयर बार में डांडिया प्रोग्राम के दौरान हंगामा हो गया। खुद को हिंदू संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए कई लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और प्रोग्राम में आए लोगों के आधार कार्ड चेक करने लगे और कार्यक्रम की परमीशन मांगने लगे। हंगामा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान सीओ से भी प्रदर्शन कर रहे लोगों की नोकझोंक हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने 31 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
नवाबाद थाना क्षेत्र में स्थित मॉलिक्यूल में शनिवार रात को डांडिया प्रोग्राम चल रहा था। इसमें शामिल होने के लिए महिलाएं और पुरुष आ रहे थे। इसी दौरान गले में पीला गमछा पहने कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। उन्होंने कार्यक्रम की परमीशन देखते हुए कार्यक्रम में आने वाले लोगों के आधार कार्ड देखने शुरू कर दिए। बस फिर क्या था वहां हंगामा हो गया।
इस दौरान विरोध करने पर होटल कर्मियों से उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। सूचना पर सीओ सिटी व नवाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ ने मामले की जानकारी करते हुए स्थिति को नियंत्रण करने का प्रयास शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों से नौंकझोंक से हालात बिगड़ते देख पुलिस ने 31 लोगों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पकड़कर थाने ले आई। जहां होटल के सुरक्षाकर्मी की लिखित शिकायत के आधार पर सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 5 अक्टूबर को नवाबाद थाना क्षेत्र में स्थित मॉलिक्यूल रेस्टोरेंट में डांडिया का प्रोग्राम हो रहा था। इसमें कुछ लोग परमिशन आदि चैक करते हुए हंगामा करने लगे। वे हाथों में लाठी-डंडे लिए थे। पुलिस ने 31 लोगों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा गार्ड की तहरीर पर केस दर्ज किया है। पुलिस वीडियो फुटेज भी चैक कर रही है। आरोपी चेक करने गए थे परमीशन है या नहीं, कैसे यहां पर कार्यक्रम हो रहा है। ऐसा करना अवैधानिक है। इनको ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं है कि कोई ऐसा कार्यक्रम हो रहा है और यह लोग वहां पर जाकर चैक करने लगे और हंगामा करने लगे। यह किसी संगठन से हैं या नहीं, यह लोग वहां क्यों गए थे, इसकी हम लोग जानकारी कर रहे हैं।